बागेश्वर: वीवीआईपी ड्यूटी को देखते हुए जनपद बागेश्वर के नगर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक रूट प्लान जारी किया गया है। वीवीआईपी कार्यक्रम के दौरान शहर में वाहनों का दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए अलग-अलग मार्गों से आने और जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक रूट निर्धारित किए गए हैं। इसके साथ ही कई स्थानों पर भारी वाहनों की आवाजाही और पार्किंग पर प्रतिबंध रहेगा।
अल्मोड़ा-ताकुला रोड से आने वाले वाहन
अल्मोड़ा और ताकुला रोड से आने वाले जिन वाहनों को गरुड़ रोड की ओर जाना है, वे मांग का धारा से विक्टर मोहन जोशी इंटर कॉलेज, जजीई (नदी गांव) बाईपास होते हुए द्यांगड़ मार्ग से अपने गंतव्य तक जाएंगे। वहीं अल्मोड़ा-ताकुला रोड से कांडा और पिथौरागढ़ की ओर जाने वाले सभी भारी और हल्के वाहन बिलौना बाईपास से चंडिका रोड होते हुए आगे जाएंगे।
कपकोट-भराड़ी मार्ग के लिए व्यवस्था
कपकोट, भराड़ी और शामा की ओर से आने वाले ऐसे वाहन जिन्हें शहर क्षेत्र या शहर से बाहर जाना है, वे आरे बाईपास होते हुए द्यांगड़ मार्ग से अपने गंतव्य की ओर जाएंगे। इससे नगर के मुख्य मार्गों पर यातायात का दबाव कम रखने का प्रयास किया जाएगा।
कांडा-पिथौरागढ़ रोड के वाहनों के लिए रूट
कांडा रोड से आने वाले जिन वाहनों को शहर से बाहर जाना है, उनके लिए पुराना एआरटीओ तिराहा से चंडिका रोड का रूट निर्धारित किया गया है। वाहन इसी वैकल्पिक मार्ग से आगे अपने गंतव्य तक जाएंगे।
गरुड़-कौसानी रोड से आने वाले वाहन
गरुड़ रोड से हल्द्वानी, अल्मोड़ा या ताकुला की ओर जाने वाले वाहन जजी (नदी गांव) बाईपास से होकर आगे जाएंगे। कपकोट रोड की ओर जाने वाले वाहनों को द्यांगड़ बाईपास का इस्तेमाल करना होगा। वहीं पिथौरागढ़ और कांडा रोड की ओर जाने वाले वाहनों को जजी बाईपास, बिलौना बाईपास और चंडिका रोड से होकर जाना होगा।
इन स्थानों पर होगी पार्किग की व्यवस्था
वीवीआईपी ड्यूटी के दौरान वाहनों की पार्किंग के लिए माधव बैंक्वेट हॉल, भाजपा कार्यालय, भाजपा कार्यालय के पूर्व की ओर साह पार्किंग तथा भाजपा कार्यालय के सामने स्थित दृष्टि आंखों के अस्पताल के सामने और पीछे के स्थान निर्धारित किए गए हैं।
मंडलसेरा बाईपास पर भारी वाहन प्रतिबंधित
ट्रैफिक प्लान के तहत कार्यक्रम समाप्त होने तक मंडलसेरा बाईपास पर भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। इसके अलावा भाजपा कार्यालय से पीपल चौक की ओर जाने वाले ऐसे किसी भी वाहन को अनुमति नहीं दी जाएगी, जिसे चालक स्वयं चला रहा हो।
डिग्री कॉलेज रोड से आरे बाईपास तक छोटे-बड़े सभी वाहनों की पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी। इसी तरह भागीरथी तिराहे से मंडलसेरा रोड और आरे बाईपास पर भी किसी प्रकार के वाहन खड़े करने की अनुमति नहीं होगी।
यातायात व्यवस्था को देखते हुए वाहन चालकों से निर्धारित रूट का पालन करने, प्रतिबंधित स्थानों पर वाहन पार्क नहीं करने और वीवीआईपी ड्यूटी के दौरान यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।


