एमपैक्स को ग्रामीण अर्थव्यवस्था और आजीविका के मजबूत केंद्र के रूप में विकसित करें: जिलाधिकारी

खबर शेयर करें -

जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय सहकारी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एमपैक्स के सशक्तीकरण एवं कंप्यूटरीकरण, राष्ट्रीय सहकारी डेटाबेस पर सूचनाओं के अद्यतन, आच्छादित ग्राम पंचायतों में नए एमपैक्स खोलने, दुग्ध एवं मत्स्य गतिविधियों, अनाज भंडारण योजना, प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र, प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्र तथा किसानों की आय बढ़ाने से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ई-ऑडिट, डेटा सुधार एवं पैक्स कंप्यूटरीकरण से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए तथा कोई भी कार्य अनावश्यक रूप से लंबित न रहे। राष्ट्रीय सहकारी डेटाबेस पर सूचनाएं अपडेट करने में भी तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र खोले जाने वाले स्थानों पर आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने को कहा।

जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्रों के माध्यम से किसानों को जैविक खाद, रासायनिक उर्वरक सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अनाज भंडारण के लिए आवश्यक कार्रवाई करते हुए नियमित रूप से फॉलोअप लेने को कहा। उर्वरक लाइसेंस के लिए आवेदन करने वाली समितियों के प्रकरणों में कृषि विभाग से समन्वय स्थापित कर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही, जल संस्थान से समन्वय कर समितियों को पेयजल लाइन हस्तांतरित करने संबंधी लंबित कार्रवाई पूरी करने को कहा।

उन्होंने अधिक से अधिक किसानों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने तथा सहकारी समितियों के उत्पादों की पैकेजिंग, ब्रांडिंग एवं विपणन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। डेयरी एवं मत्स्य विभाग को एक सप्ताह के भीतर लंबित जियो-टैगिंग का कार्य पूरा करने को कहा।

जिलाधिकारी ने कहा कि सहकारी समितियों को ग्रामीण अर्थव्यवस्था और आजीविका के मजबूत केंद्र के रूप में विकसित किया जाए। उन्होंने विभिन्न विभागीय योजनाओं को सहकारिता से जोड़ते हुए क्लस्टर आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा किसानों की आय में वृद्धि के लिए प्रभावी प्रयास करने पर जोर दिया।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार, सहायक जिला निबंधक सहकारिता आशीष शर्मा, सहायक निदेशक डेयरी अनुराग मिश्रा, मत्स्य अधिकारी मनोज मियान, कृषि अधिकारी राजेंद्र उप्रेती सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
Breaking News