बागेश्वर।फुलवाड़ी-फुलाचौंरा-थलीधार-खाईंधार सड़क निर्माण की मांग को लेकर सड़क संघर्ष समिति का सांकेतिक क्रमिक अनशन शनिवार को 16वें दिन भी जारी रहा। आंदोलन स्थल पर पूर्व कैप्टन मेहरवान सिंह दानू (70) और पूर्व सैनिक चंचल सिंह दानू (66) सांकेतिक अनशन पर बैठे।
आंदोलन के बीच पीएमजीएसवाई के दर्जा राज्यमंत्री शिव सिंह बिष्ट और कपकोट विधायक सुरेश गढ़िया भी आंदोलन स्थल पर पहुंचे। उनके साथ कपकोट तहसीलदार, पीएमजीएसवाई और लोनिवि के अभियंता मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने आंदोलनकारियों के साथ करीब तीन घंटे तक वार्ता की। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने आंदोलन समाप्त करने के लिए समझाने का प्रयास किया, लेकिन वार्ता में कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका। इसके बाद समिति ने आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया।
संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि ग्रामीण वर्ष 2006 से सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं। इतने लंबे समय में उन्हें कई बार आश्वासन मिले, लेकिन सड़क निर्माण की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई। समिति का कहना है कि अब ग्रामीण केवल आश्वासन के आधार पर आंदोलन समाप्त नहीं करेंगे।
21 अगस्त को डीएम कार्यालय तक निकलेगी रैली
समिति ने स्पष्ट किया है कि सड़क निर्माण की स्वीकृति का शासनादेश जारी होने और टेंडर प्रक्रिया शुरू करने का आदेश मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा। समिति ने 21 अगस्त को जिलाधिकारी कार्यालय तक प्रस्तावित रैली में अधिक से अधिक ग्रामीणों से शामिल होने की अपील की है।
समिति अध्यक्ष पूर्व कैप्टन रतन सिंह दानू ने बताया कि रैली में ढोल-दमाऊं, तुरही, नरसिंघा, भौंकर और झांझर जैसे पारंपरिक कुमाऊंनी वाद्य यंत्रों के साथ ग्रामीण शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण की ठोस कार्रवाई होने तक संघर्ष जारी रहेगा। आंदोलन में आसपास के गांवों के सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
