11 करोड़ की सड़क बनी परेशानी का कारण, खडलेख-भनार मार्ग की बदहाली पर ग्रामीणों में आक्रोश

खबर शेयर करें -

पीएमजीएसवाई की सड़क अधूरी, बरसात में बढ़ी मुश्किलें; आंदोलन की चेतावनी

बागेश्वर। केंद्र और प्रदेश सरकार जहां ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क और विकास के बड़े-बड़े दावे कर रही हैं, वहीं बागेश्वर जिले के बिचला दानपुर क्षेत्र में कई मोटर मार्गों की बदहाल स्थिति इन दावों की पोल खोल रही है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत स्वीकृत कई सड़क परियोजनाएं वर्षों बाद भी अधूरी पड़ी हैं, जिससे क्षेत्रीय जनता में भारी नाराजगी है।

सबसे अधिक आक्रोश खडलेख-भनार मोटर मार्ग को लेकर देखने को मिल रहा है। लगभग 11 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस मार्ग के दोनों पैकेजों का कार्य अब तक पूरा नहीं हो पाया है। कई हिस्सों में डामरीकरण अधूरा है, जबकि कुछ स्थानों पर सड़क पूरी तरह उखड़ चुकी है। बरसात शुरू होने के बाद स्थिति और गंभीर हो गई है। सड़क पर बने गड्ढों और कीचड़ के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है और दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि खराब सड़क का सबसे ज्यादा असर विद्यार्थियों, मरीजों और रोजमर्रा के काम से आने-जाने वाले लोगों पर पड़ रहा है। कई बार वाहन बीच रास्ते में फंस जाते हैं, जिससे लोगों को पैदल सफर करने के लिए मजबूर होना पड़ता है। आपातकालीन स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये की स्वीकृति के बावजूद निर्माण कार्यों में गंभीर लापरवाही बरती जा रही है। उनका कहना है कि यदि समय पर सड़क निर्माण और मरम्मत का कार्य पूरा किया जाता, तो आज लोगों को इस तरह की परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ता।

पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी ने भी सड़क की बदहाल स्थिति पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर केवल घोषणाएं की जा रही हैं, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और ही है। उन्होंने सवाल उठाया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरे क्यों नहीं किए जा रहे हैं और जिम्मेदार अधिकारियों तथा ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया और मार्ग को यातायात योग्य नहीं बनाया गया, तो क्षेत्र की जनता व्यापक आंदोलन शुरू करेगी और जिम्मेदार अधिकारियों व सरकार से जवाब मांगेगी।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
Breaking News