कांडा।
ग्राम पंचायत पंचौड़ा में जल जीवन मिशन योजना के तहत हो रहे कार्यों पर ग्रामीणों ने गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। करीब 700 की आबादी वाले पंचौड़ा ग्राम पंचायत के भनकोट, जोगाबाड़ी और पंचौड़ा गांवों के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को लिखित शिकायत देकर मामले की जांच कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि योजना के तहत हर घर नल से जल पहुंचाने का वादा किया गया था, लेकिन धरातल पर हालात इसके विपरीत हैं। ग्रामीणों के अनुसार, गांव के लिए प्रस्तावित पानी की टंकी का निर्माण नहीं किया गया, जबकि पम्पिंग योजना के तहत लाया गया पानी गांव तक पहुंचाने के बजाय गांव से काफी ऊपर खेतों में ही छोड़ दिया गया है, जिससे पानी लगातार बर्बाद हो रहा है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि योजना के अंतर्गत हर घर तक पाइप लाइन नहीं बिछाई गई है और कई परिवार अभी भी इससे वंचित हैं। बताया गया कि नई पाइप लाइन बिछाने के बजाय कई जगह पुरानी पाइप लाइनों से ही कनेक्शन दे दिए गए हैं। साथ ही हाफ इंच की एक पाइप से पांच से छह घरों को जोड़ने की व्यवस्था की गई है, जिससे भविष्य में पानी की पर्याप्त आपूर्ति को लेकर ग्रामीणों में संशय बना हुआ है।
समस्या के समाधान को लेकर कांडा पड़ाव में ग्रामीणों की बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्य कमला माजिला, ग्राम प्रधान मनीषा, सुरेंद्र माजिला, सोनी माजिला, होशियार सिंह, दयाल सिंह, गोविंद सिंह, हरीश सिंह, अर्जुन सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
वहीं मामले में उत्तराखंड पेयजल निगम बागेश्वर के अधिशासी अभियंता विपिन कुमार रवि ने बताया कि कांडा पम्पिंग योजना फिलहाल ट्रायल चरण में है। उन्होंने कहा कि जहां भी तकनीकी दिक्कतें सामने आ रही हैं, वहां ग्रामीणों के साथ संवाद कर समाधान निकाला जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि हर घर तक पाइप लाइन बिछाई जाएगी।
टंकी निर्माण को लेकर उन्होंने कहा कि शासन स्तर से निर्देश हैं कि यदि गांव में पहले से मौजूद पुरानी टंकियां या ढांचे उपयोग योग्य हैं तो उनका इस्तेमाल जनहित में किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आवश्यकता और बजट उपलब्ध होने पर नई टंकी निर्माण पर भी विचार किया जाएगा। साथ ही ग्रामीणों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि कार्य प्रगति पर है और जो भी नियमानुसार आवश्यक होगा, उसे पूरा किया जाएगा।
