भाषण, कविता और निबंध प्रतियोगिता से गूंजा काफलीगैर कॉलेज, विजेता विद्यार्थियों को मिले पुरस्कार

खबर शेयर करें -

बागेश्वर: राजकीय इंटर कॉलेज काफलीगैर में हिंदी दिवस धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने हिंदी भाषा के महत्व और उसकी उपयोगिता पर अपने विचार व्यक्त किए। विद्यार्थियों ने भाषण और कविताओं के माध्यम से हिंदी के प्रति अपनी भावनाएं प्रस्तुत कीं।

हिंदी दिवस के अवसर पर विद्यालय में सब जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग के विद्यार्थियों के लिए निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और हिंदी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति से जुड़े विषयों पर अपने विचारों को लेखनी के माध्यम से प्रस्तुत किया।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को हिंदी भाषा के महत्व और इसके संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम का संचालन हिंदी अध्यापक संजय सिंह जनौटी ने किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को हिंदी दिवस के इतिहास, उद्देश्य और हिंदी भाषा की वर्तमान प्रासंगिकता के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, साहित्य और भावनाओं को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण भाषा है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव निगम ने हिंदी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी को हिंदी दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों से हिंदी भाषा के प्रति सम्मान और रुचि बनाए रखने का आह्वान किया।

प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका सरोज गौड़ ने निभाई। कार्यक्रम में कैलाश कुमार मेहता, रमेश सिंह नेगी, बलवीर सिंह बिष्ट, पंकज कुमार, अंजलि पालीवाल, चंपा रौतेला सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी के प्रति प्रेम, जागरूकता और रचनात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देना रहा।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
Breaking News