बागेश्वर। जिले के गरूड़ तहसील क्षेत्र के छटिया गांव में मूसलाधार बारिश के बाद हुए भू-कटाव से दो आवासीय भवनों पर खतरा मंडराने लगा है। जमीन दरकने से कमला देवी, शंकर राम और प्रताप सिंह के परिवारों के मकानों को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है, जिससे परिवार दहशत में हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार कमला देवी की आर्थिक स्थिति भी कमजोर है। उनके परिवार में एक बेटी शारीरिक रूप से दिव्यांग है। ऐसे में मकान पर मंडरा रहे खतरे ने परिवार की चिंता और बढ़ा दी है।
घटना की सूचना मिलने पर ग्राम प्रधान राजू जोशी और क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रमोद जोशी ने मौके का निरीक्षण किया और प्रशासन को स्थिति से अवगत कराया। जनप्रतिनिधियों ने प्रभावित स्थल पर आपदा मद से सुरक्षा दीवार (रिटेनिंग वॉल) के निर्माण के लिए शीघ्र धनराशि स्वीकृत करने की मांग की है, ताकि दोनों आवासीय भवनों को संभावित खतरे से बचाया जा सके।
